लातेहार में जमीन विवाद में बुजुर्ग की मौत:धक्का लगने से मौत का आरोप, ग्रामीण कर रहे गिरफ्तारी की मांग

लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के जिलंगा गांव में गुरुवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान 69 वर्षीय तैयब अंसारी की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने धक्का-मुक्की में मौत का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी महरूम बीबी के अनुसार, तैयब अंसारी और द्वारिका महतो के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। गुरुवार को हुए झगड़े के दौरान द्वारिका महतो ने तैयब अंसारी को धक्का दे दिया, जिससे वे गिर पड़े। महरूम बीबी का दावा है कि अंदरूनी चोट लगने से तैयब अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद द्वारिका महतो और उनके दोनों पुत्र मौके से फरार हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि तैयब अंसारी ने जिस जगह घर बनाया था, वहां जाने के लिए रास्ता नहीं था और वे जबरन रास्ता मांग रहे थे। इसी मुद्दे पर सुबह दोनों पक्षों में बहस हुई थी, जिसके बाद द्वारिका महतो अपने घर चले गए थे। दूसरे पक्ष का दावा है कि तैयब अंसारी की मौत हार्ट अटैक से हुई है, जिसे हत्या का रूप दिया जा रहा है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बालूमाथ-खलारी मुख्य सड़क जाम कर दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तैयब अंसारी की मौत के सही कारण का पता चल पाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *