लातेहार में बुधवार को एक बुजुर्ग की मौत के बाद भारी हंगामा मचा। मृतक के परिजनों ने सदर थाना की पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप लगा शव धर्मपुर चौक पर रख सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया पर आक्रोशितों ने सदर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे। दो घंटे तक लगा रहा सड़क जाम मामला बढ़ता देख मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लाठी चटका भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद धर्मपुर चौक पर करीब दो घंटे से लगा जाम हट सका है। मृतक की पहचान हेरहंज थाना क्षेत्र निवासी दुखन प्रसाद (58) के रूप में की गई है। 11 मई की रात पुलिस ने पीटा था: परिजन मृतक के परिजन शंकर कुमार, गणेश प्रसाद, मनीषा देवी ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र स्थित जालिम गांव में हमलोग घर की ढलाई कर रहे थे। इसी दौरान 11 मई की रात सदर थाना प्रभारी दुलड़ चौड़े दलबल के साथ पहुंची और घर की महिला, बच्चे समेत कई परिजनों के साथ लाठी डांटे से जमकर पिटाई कर दी। इस मारपीट में दुखन प्रसाद को काफी चोट लगी। पुलिस ने झूठा मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया दुखन प्रसाद का इलाज चल रहा था। बुधवार की सुबह जब दर्द काफी बढ़ गया तो सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने मारपीट की और इस मामले में घर के ही पांच लोगों को झूठा मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। पुलिस पर कार्रवाई की मांग पर जमे रहे सड़क पर इधर, जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अरविंद कुमार, सीओ अरविंद देवाशीष टोप्पो घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से जाम हटाने की अपील की। परिजन थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जमे रहे। इसके बाद पुलिस को लाठी चटकानी पड़ी तब भीड़ मौके से हटी। लोगों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से इसकी मौत हुई है। इस मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल टीम गठित कर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद नियम संगत कार्रवाई की जाएगी। -अरविंद कुमार, एसडीपीओ


