सदर थाना क्षेत्र के गोवा गांव में बकरी चोरी के आरोप में एक मजदूर की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया निवासी सलीम खान (40) के रूप में हुई। घटना शनिवार की रात करीब 11 बजे हुई। सलीम गांव के गोविंद प्रसाद साहू के ईंट भट्ठे में काम करने दो माह पहले परिवार से साथ लातेहार आया था। ग्रामीणों ने कहा कि सलीम शनिवार की रात गांव के देवकी सिंह, विनोद सिंह व अमरेश सिंह के घर में घुसा। वह बकरी चुराने की कोशिश कर रहा था। घरवालों को भनक लग गई। उन्होंने उसे पकड़ लिया और शोर मचाया। कुछ देर में कई ग्रामीण पहुंच गए। सलीम की लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी ईंट भट्ठा मालिक गोविंद साव को मिली। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस गांव पहुंची। घायल सलीम को इलाज के लिए लातेहार ले जाने लगी। लेकिन, रास्ते में मौत हो गई। थाना प्रभारी दुलड़ चौड़े ने बताया कि सलीम नशे का आदी था। घटना की जांच चल रही है।


