लायंस क्लब ने लोधम कुनकुरी को हराकर उद्घाटन मैच जीता

भास्कर न्यूज| जशपुरनगर जिले में पहली बार रणजीता स्टेडियम में फ्लड लाइट के नीचे वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस भव्य प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार रात को हुआ। प्रतियोगिता का पहला मैच लायंस क्लब जशपुर और लोधमा कुनकुरी के बीच खेला गया, जिसमें लायंस क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दर्शकों ने फ्लड लाइट के नीचे इस रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया। आयोजन खेल विभाग, जिला प्रशासन और लायंस क्लब जशपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त संजय सिंह और विशिष्ट अतिथि डॉ. मयंक श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और खिलाड़ियों से परिचय के साथ हुई। टूर्नामेंट में जिलेभर से कुल 18 टीमों ने पंजीयन कराया है। खिलाड़ियों के उत्साह और आयोजन की भव्यता को देखते हुए विजेता टीम के लिए 21 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी, उपविजेता को 15 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान के लिए 7 हजार रुपए नकद पुरस्कार रखा गया है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति में सुदर्शन नाग को अध्यक्ष, मनोज सिंह और महेश महंत को उपाध्यक्ष, एसएस पैकरा और राधेश्याम पैंकरा को सचिव, अनिल सहारे को कोषाध्यक्ष और राजीव यादव व प्रकाश कुमार को उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। समिति ने संभाली व्यवस्था खेल से युवाओं में अनुशासन व नेतृत्व क्षमता होती है विकसित मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त संजय सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को मंच मिलता है, बल्कि युवाओं में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है। वॉलीबॉल जैसे खेल टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और रणनीति निर्माण सिखाते हैं। रणजीता स्टेडियम में पहली बार फ्लड लाइट टूर्नामेंट का आयोजन एक ऐतिहासिक पहल है, जो जशपुर को खेल मानचित्र पर मजबूत करेगा। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई दी और खिलाड़ियों से खेल को आपसी सम्मान और सीख का अवसर मानने की अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *