भास्कर न्यूज | लुधियाना लालड़ू और खरड़ डिवीजन को निजी हाथों में देने के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने पंजाब सरकार और बिजली निगम प्रबंधन के खिलाफ अर्थी फूंक प्रदर्शन किया। सुंदर नगर डिवीजन के गेट पर पीएसईबी इम्प्लाइज फेडरेशन एटक के डिवीजन प्रधान गुरप्रीत सिंह, टीएसयू के डिवीजन प्रधान गौरव कुमार और एसोसिएशन ऑफ जूनियर इंजीनियर के सूबा नेता इंजीनियर जगतार सिंह की अगुवाई में गेट रैली निकाली गई। प्रदर्शन में ज्वाइंट फोरम से इंजीनियर रघुवीर सिंह रामगढ़, बिजली एकता मंच से सतीश भारद्वाज और पेंशनर्स एसोसिएशन से केवल सिंह पहुंचे। सभी नेताओं ने लालड़ू और खरड़ डिवीजन के निजीकरण का विरोध करते हुए पंजाब सरकार और बिजली निगम प्रबंधन को कर्मचारी विरोधी करार दिया। चेतावनी दी कि अगर निजीकरण की कोशिश की गई तो जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। नेताओं ने बताया कि आज का कार्यक्रम बिजली कर्मचारी एकता मंच, पीएसईबी इम्प्लाइज ज्वाइंट फोरम, एसोसिएशन ऑफ जूनियर इंजीनियर और पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से दिया गया था। इसके तहत पंजाब भर में गेट रैलियां और अर्थी फूंक प्रदर्शन किए गए। सरकार और प्रबंधन ने अगर कर्मचारियों के गुस्से को नहीं समझा तो चारों बड़े मंचों की 8 मई को पटियाला में संयुक्त बैठक होगी। इसमें जो भी सख्त कार्यक्रम तय होंगे, उन्हें लागू करने के लिए कर्मचारी पूरी तरह तैयार हैं। इस मौके पर एडिशनल एसडीओ गुरप्रीत सिंह, धर्मिंदर, मेवा सिंह, दीपक, धर्मपाल, कमलदीप सिंह, कमलजीत सिंह, करतार सिंह, ह्रदय राम, अमरजीत सिंह, मनप्रीत कौर, जसप्रीत कौर, राजीव शर्मा, साहिल, निर्भय सिंह, कुलबीर सिंह, राम दास, रमेश, प्रकाश, बलबीर चंद, सरताज सिंह, जगदीश चंद, सरबजीत सिंह, बिंदर, नरिंदर सिंह और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


