लालसोट के रामगढ़ पचवारा उपखंड क्षेत्र की राहुवास तहसील के समीप खलकाई माता मंदिर रोड पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ईंटों से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे सड़क किनारे खेत में पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर खलकाई माता मंदिर की ओर जा रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान चालक ट्रैक्टर से उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सैकड़ों लोगों ने राहत कार्य में सहयोग करते हुए दूसरे ट्रैक्टर की मदद से पलटे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा किया। इस हादसे में ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि खलकाई माता रोड पर मोड़ और ढलान होने के कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था और संकेतक लगाए जाने की आवश्यकता है। गनीमत रही कि इस बार बड़ा हादसा टल गया, नहीं तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।


