जिले के मुकुंदगढ़ थाना इलाके के ढिगाल गांव में ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां दो शातिर महिला ठगों ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का मायाजाल बुनकर एक महिला के सोने के गहने साफ कर दिए। ‘घर में बरकत’ लाने और ‘मुसीबतों को टालने’ का झांसा देकर पहुंची इन महिलाओं ने बड़ी ही सफाई से वारदात को अंजाम दिया और रफूचक्कर हो गईं। अकेलेपन का फायदा और तंत्र-मंत्र का झांसा जानकारी के अनुसार, वारदात नूआं रोड स्थित ओमप्रकाश मेघवाल के घर पर हुई। घटना के वक्त ओमप्रकाश की पत्नी बबीता घर में अकेली थी। इसी दौरान दो संदिग्ध महिलाएं उनके घर में दाखिल हुईं। महिलाओं ने बबीता को अपनी बातों के जाल में उलझाया और दावा किया कि उनके घर पर भारी संकट आने वाला है। उन्होंने डरी हुई महिला को विश्वास में लेकर कहा कि यदि वे पूजा-पाठ और टोटका करेंगी, तो घर में सुख-समृद्धि (बरकत) आएगी और आने वाली मुसीबतें टल जाएंगी। लाल कपड़े में ‘गायब’ हुए जेवर ठग महिलाओं ने बबीता से पूजा के नाम पर रोली, चावल और हल्दी मंगवाई। इसके बाद शातिर दिमाग महिलाओं ने असली खेल शुरू किया। उन्होंने बबीता से उसके शरीर पर पहने हुए सोने की चेन और कान के झुमके उतरवाए और उन्हें एक लाल कपड़े में रखने को कहा। महिलाओं ने मंत्रोच्चार और ‘फूंक-फांक’ का नाटक किया। बबीता की आंखों के सामने ही बड़ी चतुराई से गहने हाथ से पार कर लिए और कपड़े में पत्थर या गांठ बांध दी। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि “इस पोटली को एक सप्ताह से पहले मत खोलना, वरना अनर्थ हो जाएगा,” और वहां से निकल गईं। शक हुआ तो उड़े होश, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें महिलाओं के जाने के कुछ देर बाद ही बबीता को अनहोनी की आशंका हुई। जब उसने हिदायत के उलट जाकर तुरंत लाल कपड़ा खोलकर देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कपड़े के अंदर से सोने की चेन और झुमके गायब थे। शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन इकट्ठा हुए और तुरंत मुकुंदगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। थानाधिकारी ताराचंद यादव ने बताया कि आरोपी महिलाओं की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। बोल चाल और लहजे के हिसाब भी पता किया जा रहा है कि शातिर महिलाएं कहा की हो सकती है।पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। हुलिए के आधार पर महिलाओं की तलाश के लिए टीमें रवाना की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध महिलाएं घर में प्रवेश करते और बाहर निकलते साफ दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा कस्बे के अन्य रास्तों पर भी उनकी मौजूदगी कैमरे में दर्ज हुई है।


