भास्कर न्यूज | जालंधर मकसूदां पुलिस थाना के अंतर्गत आते लिदड़ा पिंड के पास सर्विस रोड पर लुटेरों ने शनिवार रात करीब 8:00 बजे एनआईटी के मुख्य सुरक्षा इंचार्ज किशोरी लाल (55) को घेर लिया। किशोरी लाल ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनकी एक्टिवा में पीछे से टक्कर मार दी। उनके गिरते ही लुटेरों ने हमला कर दिया और मोबाइल छीन लिया। लुटेरे उनकी एक्टिवा भी छीनने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पीछे से आ रही कारों की रोशनी देखकर फरार हो गए। गौरतलब है कि किशोरी लाल एनआईटी में करीब 30 से 40 सुरक्षाकर्मियों की टीम का नेतृत्व करते हैं। इसी रोड पर कुछ दिन पहले प्रोफेसर डॉ. सुधीर से भी लैपटॉप और कैश लूटा गया था। एनआईटी कार्यरत उनके साथी प्रेम भल्ला ने इन बढ़ती वारदातों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मांग की कि यह मकसूदां पुलिस का एरिया है और पुलिस को इस संवेदनशील मार्ग पर गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि स्टूडेंट,कर्मचारी और प्रोफेसर सुरक्षित महसूस कर सकें। मामले संबंधी जानकारी देते हुए मकसूदां थाने के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस के पास शिकायत आ गई है और मामले की गंभीरता से तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा घटनास्थल के निकट लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


