लुधियाना के खन्ना में पुलिस ने जीटीबी मार्केट स्थित 10 गैरकानूनी इमिग्रेशन सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान बड़ी संख्या में पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस ने साफ कर दिया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देश पर 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने खन्ना के प्रमुख एजुकेशन हब जीटीबी मार्केट में स्थित इमिग्रेशन सेंटरों पर एक साथ छापा मारा। पुलिस ने इंमिग्रेशन सेंटरों से कंप्यूटर, लैपटॉप, टैब, चेकबुक व अन्य दस्तावजे भी कब्जे में लिए। प्रारंभिक जांच में सभी 10 इमिग्रेशन सेंटर अवैध पाए गए हैं और उनके खिलाफ मामले दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। फर्जी पासपोर्ट बनाने की थी सूचना डॉ. आहलूवालिया ने आगे बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ इमिग्रेशन सेंटर संचालक गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों के साथ मिलकर फर्जी पासपोर्ट बनवा रहे थे। वे युवाओं को अवैध तरीके से विदेश भेजने में भी मदद कर रहे थे। इसी गंभीर जानकारी के आधार पर यह व्यापक कार्रवाई की गई। 30 पासपोर्ट, 34 कंप्यूटर-लैपटॉप समेत अन्य सामान पकड़ा छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की। इसमें 30 पासपोर्ट, 34 कंप्यूटर, लैपटॉप और टैब, 15 एटीएम कार्ड और 175 चेक बुक शामिल हैं। कई चेक बुक पहले से हस्ताक्षरित पाई गईं। इसके अतिरिक्त, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डेटा भी जब्त किया गया है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। यह बरामदगी अवैध लेनदेन और बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की ओर संकेत करती है। छापेमारी के दौरान पीड़ित आए सामने इस कार्रवाई के दौरान कई पीड़ित भी सामने आए, जो इन फर्जी इमिग्रेशन सेंटरों के झांसे में आकर अपनी जीवन भर की कमाई गंवा चुके हैं। पुलिस द्वारा उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें पूरा कानूनी सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ इमिग्रेशन संचालकों के खिलाफ पहले से ही खन्ना, नवांशहर और नई दिल्ली में मामले दर्ज हैं।
आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया ने साफ शब्दों में कहा कि विदेश भेजने के नाम पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि खन्ना को अपराध मुक्त बनाने और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी ऐसे सख्त अभियान जारी रहेंगे।


