लुधियाना के थाना डिविजन नंबर 2 के अंतर्गत आते न्यू शिवाजी नगर इलाके में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे न सिर्फ चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं बल्कि विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं डार रहे।ताजा मामला गली नंबर 7 का है जहां देर रात करीब 3 बजे चोरी करने आए दो युवकों ने दुकानदार पर कांच की बोतलों से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। दुकान के ऊपर ही रहता है परिवार,शोर सुनकर खुली नींद पीड़ित दुकानदार राजेश खन्ना ने बताया कि उनकी घर के नीचे ही करियाने की दुकान है और ऊपर उनका निवास है। रात करीब ढाई से 3 बजे के बीच उन्हें नीचे कुछ आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो दो युवक दुकान के पास संदिग्ध हालत में मौजूद थे। राजेश ने हिम्मत दिखाते हुए ऊपर से ही शोर मचाया और चोरों को भगाने के लिए डंडे फेंके। एक बार तो चोर वहां से भाग गए लेकिन कुछ ही मिनटों बाद वे दोबारा पूरी तैयारी के साथ वापस लौटे। सीसीटीवी में कैद शटर तोड़ अंदर घुसा चोर घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है। बाइक पर दो युवक आए थे जिनमें से एक सरदार और दूसरा मोना (बिना पगड़ी वाला) था। बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और बड़ी चालाकी से दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हो गया। जब मालिक राजेश खन्ना ने उन्हें रोकने की कोशिश की और उन पर डंडे से प्रहार किया तो बचाव करने के बजाय चोरों ने सड़क पर पड़ी कांच की बोतलें उठा लीं। चोरों ने ताबड़तोड़ राजेश पर बोतलों से हमला कर दिया जिससे वे घायल हो गया 6 मिनट तक गली में यह हंगामा चलता रहा। जब मोहल्ले के अन्य लोगों के जागने का डर हुआ तो चोर घबरा गए। हड़बड़ाहट में वे अपनी होंडा शाइन बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल गलियों में फरार हो गए।बाइक की अगली नंबर प्लेट गायब थी जबकि पीछे नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। राजेश खन्ना और उनके परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस को सूचित किया गया लेकिन अभी तक पुलिस उनकी बात सुनने के लिए गंभीरता नहीं दिखा रही है। इलाके के लोगों में डर का माहौल है क्योंकि थाना 2 के क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।


