लुधियाना के मुंडिया कलां स्थित पॉश कॉलोनी GK एस्टेट में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के वक्त घर का मालिक काम के सिलसिले में दिल्ली गया था, जबकि परिवार मायके गया हुआ था। चोरों ने घर से करीब 24 तोले सोना और बड़ी मात्रा में कैश चोरी कर लिया है। सफाई वाली पहुंची तो खुला राज घर के मालिक विकास गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे कुछ दिनों से मायके गए हुए थे। वह खुद व्यापार के सिलसिले में दिल्ली में थे। शनिवार सुबह जब घर की सफाई करने वाली महिला पहुंची तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत इसकी सूचना विकास और पड़ोसियों को दी। अलमारी के लॉकर टूटे, जेवर गायब विकास गुप्ता के मुताबिक सूचना मिलते ही जब परिवार घर पहुंचा तो होश उड़ गए। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे करीब 24 तोले सोने के आभूषण और घर में रखी नकदी चोरी कर ली थी। घर पूरी तरह बंद था चोरों ने शायद पहले रेकी की और फिर तसल्ली से वारदात को अंजाम दिया। CCTV खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


