लुधियाना के सब्जी मंडी में ‘फड़’ को लेकर खूनी झड़प:दो आढ़ती गुटों में जमकर मारपीट,एक की हालत गंभीर

लुधियाना के बहादुर के रोड नजदीक सब्जी मंडी उस समय अखाड़ा बन गई जब फड़ (जगह) पर कब्जा जमाने को लेकर दो आढ़ती गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी गई । इस खूनी झड़प में एक आढ़ती बुरी तरह घायल हो गया है जिसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है। क्या है पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक घटना रविवार शाम की है। पीड़ित के भाई पंकज ने बताया कि मंडी में उनकी फ्रूट की दुकान है। उन्होंने रोज़ाना की तरह अपना सामान बेचने के लिए फड़ पर सामान रखा हुआ था। इसी दौरान दूसरी पार्टी के लोग वहां पहुंचे और जबरन अपनी जगह बताते हुए वहां सामान रखने का दबाव बनाने लगे। पंकज के अनुसार उनके भाई ने जब विरोध किया और कहा कि यह उनकी निर्धारित जगह है तो दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए। पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। हमलावरों ने उनके भाई पर हमला कर दिया जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। मंडी में मौजूद अन्य व्यापारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की लेकिन हमलावर काफी देर तक मारते रहे । सिविल अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर खून से लथपथ हालत में घायल आढ़ती को तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल जांच (MLR) काटी। हालांकि घाव गहरे होने और ज्यादा खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उनकी जान को अभी भी खतरा बना हुआ है। हमने पुलिस को शिकायत दे दी है। मंडी में इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हैं। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *