लुधियाना | देश में चल रहे आईसीसी टी-20 इंटरनेशनल वर्ल्ड कप 2026 में नेपाल की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। नेपाल की टीम में आलराउंडर शेर बहादुर मल्ला खेल रहे है। उनका संबंध लुधियाना से है। वह पीएयू स्थित सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल में कक्षा छह से 10 पढ़ाई की और वहीं पर क्रिकेट खेलना सीखा। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल के पुराने स्टूडेंट शेर बहादुर मल्ला आईसीसी टी-20 इंटरनेशनल वर्ल्ड कप 2026 में नेपाल को रिप्रजेंट कर रहे है। नेपाल के निवासी शेर बहादुर मल्ला ने 2014 से लेकर 2020 तक 6वीं से 10वीं तक गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल पीएयू लुधियाना में पढ़ाई की। अपने स्कूल के दिनों में क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन बार स्टेट लेवल अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 टूर्नामेंट में स्कूल को रिप्रजेंट किया और स्कूल नेशनल क्रिकेट कैंप में शामिल हुए। वह 2020 में कोविड के दौरान लॉकडाउन में वापस परिवार के साथ नेपाल चले गए। वहीं पर वह क्रिकेट खेलने लगे। उनके पिता एक लोकल शॉपिंग मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करते थे। वह स्कूल के कोच अनिल कुमार ने उन्हें सभी प्रमुख स्कूल-स्तर के टूर्नामेंटों में प्रशिक्षित किया और उनके क्रिकेट करियर को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभी भी वह कोच अनिल कुमार से सलाह लेते है। इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 के अपने पदार्पण मैच में शेर बहादुर ने अपने पहले ओवर में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज का विकेट लिया। वर्ल्ड कप में अपने डेब्यू के लिए मैदान पर उतरने से पहले शेर ने प्रिंसिपल डॉ. प्रदीप कुमार, कोच अनिल कुमार और जगरूप सिंह के साथ वीडियो कॉल में बात की। शेर ने वर्ल्ड कप के बाद अपने स्कूल आने का वादा किया है।


