लुधियाना के 9 खिलाड़ियों ने पीयू को जिताया वॉलीबॉल का खिताब

भास्कर न्यूज | लुधियाना मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन किस तरह इतिहास रचते हैं, इसका जीवंत उदाहरण एससीडी गवर्नमेंट कॉलेज के खिलाड़ियों ने पेश किया है। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने बत्तीस वर्षों बाद ऑल इंडिया यूनिवर्सिटीज वॉलीबॉल चैम्पियनशिप जीतकर स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की। यह प्रतियोगिता मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर में आयोजित हुई, जहां यूनिवर्सिटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। टीम के नौ खिलाड़ी एससीडी गवर्नमेंट कॉलेज लुधियाना से थे, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और समर्पण से यूनिवर्सिटी को गौरवान्वित किया। इन खिलाड़ियों को कॉलेज के वॉलीबॉल सेंटर में कोच सुनील कुमार के मार्गदर्शन में वर्षों से तैयार किया जा रहा है। इसी साल टीम ने वाराणसी में आयोजित सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर 21 वर्षों के पदक सूखे को समाप्त किया था। उस उपलब्धि ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाया और अब उसी आत्मविश्वास ने गोल्ड में बदलकर एक नया अध्याय लिख दिया। एक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब जसजोध सिंह, जसकरण सिंह और प्रीतकर्ण का चयन 2026 एशियाई खेलों के कोर ग्रुप के लिए हुआ। कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. गुरशरण जीत सिंह संधू ने खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षा विभाग और कोच सुनील कुमार को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। विभागाध्यक्ष प्रो. कुलवंत सिंह ने प्रो. सतनाम सिंह और प्रो. अमरप्रीत कौर के साथ टीम की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास की सराहना की। खिलाड़ियों की इस सफलता ने न केवल कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का संदेश दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *