लुधियाना में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें दिन के उजाले का भी डर नहीं रहा। ताजा मामला समराला चौक के पास स्थित नरेंद्र नगर से सामने आया है जहां एक चोर ने घर के अंदर घुसकर रसोई से गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित मकान मालिक दिलप्रीत ने बताया कि घटना सुबह करीब 11:06 बजे की है। उस वक्त वह खाना खाने के लिए घर के अंदर बने कमरे में गए थे। इसी बीच एक अज्ञात युवक घर में दाखिल हुआ। चोर सीधा किचन में पहुंचा और वहां रखा गैस सिलेंडर उठाकर रफूचक्कर हो गया। दिलप्रीत जब खाना खाकर कमरे से बाहर आए तो उन्होंने किचन का दरवाजा खुला देखा। उन्हें शक हुआ कि कोई घर के अंदर आया था। जब उन्होंने सामान चेक किया तो सिलेंडर गायब था। इसके बाद तुरंत गली में लगे CCTV फुटेज खंगाले गए। वीडियो में दिखा चोर CCTV वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक नौजवान युवक बिना किसी डर के घर की ऊपरी मंजिल पर जाता है। कुछ ही देर बाद वह सिलेंडर को अपने कंधे पर लादकर नीचे उतरता है और बड़े आराम से पूरी गली पार करते हुए निकल जाता है। चोर के चेहरे पर पकड़े जाने का रत्ती भर भी खौफ नजर नहीं आया। हमने घटना की सीसीटीवी फुटेज और शिकायत श्रृंगार चौकी पुलिस को दे दी है। दिन-दहाड़े हुई इस चोरी से इलाके के लोग दहशत में हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।


