लुधियाना जिले में पुलिस ने रायकोट में नशीली गोलियों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना सिटी रायकोट की टीम ने एक मुख्य तस्कर और 4 ग्राहकों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दविंदर सिंह उर्फ वीरू (निवासी मोहल्ला कच्चा किला, रायकोट), गुरमीत सिंह उर्फ रवि (निवासी मोहल्ला मोलविया), परमिंदर सिंह उर्फ जंटा (निवासी कुतबा गेट, रायकोट), तुषार कुमार उर्फ हनी (निवासी गांव बुर्ज हरि सिंह) और कर्मवीर सिंह उर्फ कर्मी (निवासी ईदगाह रोड, रायकोट) के रूप में हुई है। मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई थाना सिटी रायकोट के प्रभारी गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस बरनाला चौक पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दविंदर सिंह उर्फ वीरू बड़े पैमाने पर नशीली गोलियों का कारोबार करता है और ग्राहकों को होम डिलीवरी भी देता है। पुलिस ने नशीली गोलियां बरामद की सूचना के अनुसार, आरोपी दविंदर सिंह बाइक पर सवार होकर अपने ग्राहकों के साथ सिकी की मोटर, मोहल्ला कच्चा किला में नशीली गोलियां बेच रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापा मारा और सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद की गईं। रिमांड पर लेगी पुलिस पुलिस ने आरोपियों के वाहन भी जब्त कर लिए हैं और थाना सिटी रायकोट में मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इसका उद्देश्य पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा करना है। जांच में जुटी पुलिस पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, जिससे सप्लाई चेन और संभावित बड़े तस्करों तक पहुंचा जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ के बाद नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।


