लुधियाना मॉडल टाउन स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के चीफ मैनेजर अरुण कुमार ने थाना मॉडल टाउन में दिए बयान में आरोप लगाया है कि बीजेपी नेता कपिल कत्याल, अजेपाल दिशावर, और मक्कड़ स्टील प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुधांशु जिंदल सहित 7–8 लोग बैंक में जबरन घुस आए और चल रही नीलामी रुकवाने के लिए उन पर दबाव बनाया। अरुण कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में मेसर्स मक्कड़ स्टील प्रा. लि. ने बैंक से करीब 2 करोड़ रुपये का लोन लिया था। कई नोटिस भेजने के बाद भी जब राशि वापस नहीं की गई तो बैंक ने न्यायालय में मामला दायर किया। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कंपनी की कोहाड़ा स्थित जमीन पर कब्जा लेकर उसे नीलामी हेतु घोषित किया गया जिसके इश्तिहार अखबारों में प्रकाशित किए गए। नीलामी वाले दिन 30 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 10:40 बजे अरुण कुमार अपने कार्यालय में थे तभी कपिल कत्याल,अजेपाल दिशावर, सुधांशु जिंदल और उनके साथ आए अन्य लोग बैंक में घुस आए। उन्होंने नीलामी रोकने की मांग की। मना करने पर अरुण कुमार के अनुसार कपिल कत्याल और अजेपाल ने उनके साथ गाली-गलौज धमकियां और धक्का-मुक्की की। आरोप है कि कपिल कत्याल ने धमकी देते हुए कहा मैं बड़ा नेता हूं मैं तुझे सस्पेंड करवा दूंगा। स्थिति बिगड़ने पर बैंक सुरक्षा गार्ड बेअंत सिंह ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन विरोधियों ने गार्ड को भी धमकाया। इस हंगामे के कारण बैंक का कामकाज लगभग 3–4 घंटे बाधित रहा।
अरुण कुमार के अनुसार विरोधी पक्ष ने सरकारी कार्य में बाधा डाली गाली-गलौज की वीडियो बनाई और कर्मचारियों व आम जनता को परेशान किया। पुलिस की कार्रवाई शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को धारा 221, 132, 351 BNS के तहत दर्ज कर लिया है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने विशेष रिपोर्टें भी तैयार कर क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी हैं। आगे की जांच जारी है


