पंजाब के लुधियाना में आम आदमी पार्टी के डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर के लापता होने के बैनर लगे हैं। बैनर उनके अपने वार्ड नंबर 40 में लगे हैं। बैनर पर लिखा है कि लोगों का भरोसा, विश्वास व काम करवाने का दावा करके वार्ड नंबर 40 के काउंसलर व डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर लापता हैं। बैनर में यह भी लिखा है कि जो इनका पता बताएगा उन्हें 500 रुपए इनाम दिया जाएगा। ऐसे बैनर वार्ड नंबर 40 के अलग-अलग इलाकों के साथ-साथ गिल रोड पर भी लगाए हैं। वहीं डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर इसे विरोधियों का बदनाम करने का फंडा बता रहे हैं। बैनर पर लगाई डिप्टी मेयर की फोटो गिल रोड व आसपास के इलाके में जो डिप्टी मेयर के गुमशुदगी के बैनर लगे हैं उस पर बाकायदा उनकी फोटो भी लगाई गई है। बैनर पर न तो लगवाने वाले का नाम है और न ही प्रिंटिंग प्रैस का नाम है। बैनर लगाने वाले भी अभी तक कोई सामने नहीं आए। डिप्टी मेयर कर रहे तहकीकात इलाके में पोस्टर किसने लगाए डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर अपने लेवल पर इसकी तहकीकात में जुट गए हैं। उन्होंने अपनी टीम लगाई है और उन्हें कहा कि जहां बैनर लगे हैं उसके आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करें ताकि पता लग सके कि यह हरकत कौन कर रहा है। दफ्तर में रोजाना कैंप लगते हैं इलाके में लापता के बैनर लगने के मामले में डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर ने कहा कि वो लगातार लोगाें की समस्याएं सुनते हैं और वार्ड में घूमते हैं। उनके दफ्तर में रोजाना कैंप लगते हैं जिसमें बड़ी संख्या में लोग आते हैं। गरीब की तरक्की नहीं देख पा रहे विरोधी प्रिंस जौहर ने कहा कि वो एक गरीब परिवार से उठकर आए हैं और अपनी मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंचा हूं। यही बात विरोधियों को हजम नहीं हो रही। इसलिए विरोधी इस तरह के काम कर रहे हैं लेकिन ऐसे कामों का जनता पर कोई असर नहीं पड़ता।


