बाबा नानक की चरण स्पर्श पवित्र काली वेंई को प्रदूषण मुक्त करने के बाद राज्यसभा सांसद, पद्मश्री संत बलबीर सिंह सीचेवाल लुधियाना क्षेत्र में बुड्ढा दरिया को साफ करने के लिए भागीरथी प्रयास युद्ध स्तर पर जारी रखे हुए हैं। संत सीचेवाल खुद ऐकसावेटर मशीन चलाकर बुड्ढ़ा दरिया की सफाई में लगे हैं। देश की प्रदूषित नदियों में से एक लुधियाना से गुजरने वाला बुड्ढा दरिया भी है, जिसे साफ करने के लिए राज्यसभा सदस्य और पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उनके इस काम की विभिन्न बुद्धिजीवियों ने सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में किसी भी सांसद को ऐकसावेटर मशीन चलाकर दरिया की सफाई करते हुए नहीं देखा है और न ही आजाद भारत की राजनीति के 75 वर्षों के इतिहास में ऐसा वृतान्त कहीं पढ़ा है। संत सीचेवाल पर गर्व : डा. स्वराज सिंह जाने-माने लेखक डॉ. स्वराज सिंह ने बताया कि वह संत बलबीर सिंह सीचेवाल को काफी समय से जानते हैं। संत सीचेवाल की 25 वर्षों की लंबी अवधि की कार सेवा में पवित्र काली वेंई को इतना साफ कर दिया है कि अब इसका पानी पीने योग्य बन गया है। काली वेंई की कार सेवा के शुरुआती दौर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि संत सीचेवाल को पहली बार सुल्तानपुर लोधी में ट्रैक्टर और जेसीबी चलाते देखा था। उन्होंने कहा कि चूंकि अब संत सीचेवाल राज्यसभा के सदस्य हैं और वह बुड्ढा दरिया को साफ करने के ऐकसावेटर चला रहे हैं। डॉ. स्वराज सिंह ने कहा कि उन्होंने देश के इतिहास में ऐसी घटना कभी नहीं देखी जिसमें कोई सांसद खुद ऐकसावेटर मशीन चलाकर दरिया की सफाई करते हुए मिले हों। आज पूरे देशवासियों को सासंद संत सीचेवाल पर गर्व महसूस होता होगा। डाक्टर स्वराज सिंह ने बताया कि वह कोरोना महामारी का वह दौर भी देख चुके हैं जिसमें संत सीचेवाल ने खुद घंटों तक सतलुज दरिया से संबंधित गिद्दड़पिंडी रेलवे पुल के नीचे 15-15 फुट मिट्टी हटाकर एक मिसाल कायम की। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपनी विरासत को संरक्षित करने के लिए आगे आने की अपील की है। कार सेवा का जनून : गुरभजन गिल पंजाब के प्रसिद्ध कवि डॉ. गुरभजन गिल ने कहा कि बुड्ढा दरिया पर कड़ाके की ठंड में कार सेवा का जनून एक ऐतिहासिक घटना है। उन्होंने कहा कि बुड्ढा दरिया अपनी प्राचीन विरासत की ओर लौट रहा है यह एक सुखद अनुभव है। इसका श्रेय राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल को जाता है। उन्होंने कहा कि संत सीचेवाल को इतिहास याद रखेगा जिन्होंने अपनी पवित्र सेवा के माध्यम से जो सेवा से देश दुनिया की उन तमाम नदीयों को आस बंधाई है जो प्रदूषण से आहत हैं। यहां देखें संत सीचेवाल द्वारा की जा रही कारसेवा से जुडे़ फोटो… नदियों पर ना हो राजनीति : जरनैल सिंह समाजसेवी जरनैल सिंह गढ़दीवाल ने कहा कि संत सीचेवाल ऐसे व्यक्तित्व के मालिक हैं जो आलोचना का जवाब देते हैं। उन्होंने कहा कि नदियों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए बल्कि उन्हें स्वच्छ बनाने के लिए प्रयास करने की जरूरत है। यह पहला मौका है जब किसी सांसद ने अकेले ही बुड्ढे दरिया की सेवा शुरू की है। उन्होंने कहा कि संत सीचेवाल संसद के पद पर रहते हुए भी उसी व्यक्तित्व के मालिक हैं और वह ऐसे मेंबर संसद हैं, जिनके पास पहुंचना हर किसी के लिए आसान है। उन्होंने लुधियाना के धार्मिक और सामाजिक सेवा संगठनों से बुड्ढा दरिया कार सेवा के चल रहे संचालन में भाग लेने की अपील की।


