लुधियाना में ऑटो किराए पर बवाल:₹20 की जगह मांगे ₹220, विरोध करने पर यात्री की नाक तोड़ी वीडियो

लुधियाना शहर में ऑटो चालकों और उनके साथ बैठने वाले शरारती तत्वों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला समराला चौक से गियासपुरा के बीच सामने आया है जहाँ किराया मांगने के नाम पर एक बुजुर्ग यात्री के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। खून-खराबा होता देख जब राहगीर इकट्ठा हुए तो उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई की और समझौता करवाया। क्या है पूरा मामला? जानकारी के अनुसार सदरेर नाम के व्यक्ति अपने बेटे के साथ समराला चौक पर ऑटो के इंतज़ार में खड़े थे। उन्होंने गियासपुरा जाने के लिए एक ऑटो चालक से बात की। ₹20 प्रति सवारी किराया तय होने के बाद पिता-पुत्र ऑटो में सवार हो गए। ऑटो चालक के साथ उसकी बगल वाली सीट पर एक अन्य युवक भी बैठा हुआ था जो खुद को चालक का साथी बता रहा था। ₹20 की जगह ₹220 की मांग, फिर हमला जैसे ही ऑटो गियासपुरा पहुँचा सदरेर ने तय किराया ₹40 (दो सवारी) देने की कोशिश की। इसी बीच चालक के साथ बैठे युवक ने तेवर बदलते हुए सदरेर से ₹220 की मांग शुरू कर दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया और जबरन वसूली का कारण पूछा तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने सदरेर के चेहरे पर जोरदार हमला कर दिया जिससे उनकी नाक पर गहरी चोट आई और वे लहूलुहान हो गए। अपने पिता को खून से लथपथ देख बेटा भी सहम गया और मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। राहगीरों ने आरोपी को खंभे से लगाया बुजुर्ग की हालत देख आसपास से गुजर रहे राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच लिया। गुस्से में आई भीड़ ने आरोपी की लात-घूसों से जमकर धुनाई की। भीड़ के हत्थे चढ़ते ही आरोपी के होश ठिकाने आ गए और उसने कबूल किया कि वह जबरन ज्यादा पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा था। इलाज के बाद हुआ समझौता हंगामे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कराया। मामला पुलिस तक ले जाने के बजाय आपसी सहमति (सुलह) पर खत्म हुआ। राहगीरों की मदद से घायल सदरेर को नजदीकी मेडिकल स्टोर ले जाया गया जहाँ उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। इलाज के बाद पीड़ित अपने बेटे के साथ घर लौट गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *