लुधियाना में गुल्ली-डंडा विवाद बना खूनी झगड़ा:पिता को लगी गुल्ली, शिकायत करने गए बेटे पर ईंटों से हमला; पत्नी से भी मारपीट

पंजाब के लुधियाना में बस्ती जोधेवाल के सुखदेव नगर इलाके में गुल्ली-डंडा खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि युवकों ने पहले बुजुर्ग पर गुल्ली मार दी और जब परिवार ने शिकायत की तो बेटे पर ईंटों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई पत्नी से भी मारपीट की गई। “पिता को लगी गुल्ली, समझाने गया तो हमला कर दिया” पीड़ित सरबजीत सिंह ने बताया कि घर के पास खाली प्लॉट में कुछ युवक रोज गुल्ली-डंडा खेलते हैं। कई बार मना करने के बावजूद वे नहीं मानते। आज मेरे पिता सोहन सिंह घर के बाहर चाय पी रहे थे, तभी गुल्ली आकर उन्हें लगी और वह घायल हो गए। मैं काम से लौटा तो पत्नी सुरिंदर कौर ने घटना बताई। सरबजीत ने कहा कि मैं सिर्फ समझाने उनके घर गया था कि मेरी गैरहाजिरी में परिवार को परेशान न करें। इतने में युवकों ने बैडमिंटन रैकेट मेरे मुंह पर मार दिया। मैंने किसी तरह बचाव किया, लेकिन उन्होंने ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में उनका माथा फट गया। जब लोग छुड़वाने आए तो हमलावरों ने उन्हें भी थप्पड़ मारे। पत्नी से भी मारपीट, बच्चियों पर करते हैं कमेंट सुरिंदर कौर ने आरोप लगाया कि जब वह पति को बचाने पहुंचीं तो हमलावरों ने उनसे भी मारपीट की और गर्दन पर नाखून मारे। मोहल्ले की बच्चियों पर भी ये युवक फब्तियां कसते हैं। डर के कारण लड़कियां बाहर नहीं निकल पातीं। पिछले एक महीने से हमें लगातार परेशान किया जा रहा है। परिवार का दावा है कि हमलावरों में एक ऐसा युवक भी शामिल है जिसकी पहले एक महिला से लूट की कोशिश का वीडियो वायरल हो चुका है। नशे में हुड़दंग, पुलिस गश्त नहीं इलाका निवासी रंजना ने कहा कि नशे में धुत्त युवक अक्सर मोहल्ले में हुड़दंग मचाते हैं। “पुलिस की गश्त नहीं होती। आज जब सरबजीत को खून से लथपथ हालत में अस्पताल लाया गया तो हमलावर वहां भी पहुंच गए और धमकी देने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए कार्रवाई से बचाने की धमकी दी। घायल सरबजीत सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग परिवार और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि मोहल्ले में फैले डर का माहौल खत्म किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *