पंजाब के लुधियाना जिले के गांव भूदड़ी में गैस फैक्ट्री के विरोध में 11 महीने से चल रहा धरना एक बार फिर शुरू हो गया है। पुलिस ने अदालती सुनवाई से एक दिन पहले जबरन धरना हटा दिया था। इससे नाराज ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। रविवार को ग्रामीणों ने उसी स्थान पर पक्का धरना लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। कैंसर गैस फैक्टरियों के खिलाफ संघर्ष कमेटी के संयोजक डॉ. सुखदेव सिंह भूंदड़ी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री के विरोध में नारेबाजी की। महिला प्रदर्शनकारियों में बीबी हरजिंदर कौर, बलदेव कौर, सुरिंदर कौर और मनजीत कौर ने कहा कि वे लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाली इस फैक्ट्री को किसी भी कीमत पर नहीं बनने देंगी। हाई कोर्ट के फैसले को स्वीकार नहीं करेंगे ग्रामीण डॉ. भूंदड़ी ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्होंने बिना मौके की स्थिति देखे ही फैक्ट्री मालिक को एनओसी जारी कर दी, जो गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि अगर हाईकोर्ट ने भी फैक्ट्री के पक्ष में फैसला दिया, तो लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे। ग्रामीण मजदूर यूनियन (मशाल) के नेता जसवीर सिंह ने कहा कि लोग अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर लड़ रहे हैं। गैस फैक्ट्री को बंद करवाने की मांग संघर्ष समिति के प्रवक्ता मनजिंदर सिंह, जगतार सिंह और सूबेदार काला सिंह समेत प्रदर्शनकारियों ने जीरा अल्कोहल फैक्ट्री की तरह इस गैस फैक्ट्री को भी बंद करवाने की मांग की है। गांव के लोगों ने कहा वह जीरा की शराब फैक्ट्री का इतिहास को दोहराएंगे। जिस तरह भगवंत मान सरकार को जीरा अल्कोहल फैक्ट्री बंद करने का नोटिफिकेशन जारी करना पड़ा था। उसी तरह गैस फैक्ट्री भी बंद करनी पड़ेगी।


