लुधियाना जिले की रायकोट के मलेरकोटला रोड पर एक महिला के घर में घुसकर नशे में धुत पड़ोसी ने कथित तौर पर बदसलूकी की। आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट भी की। पीड़िता रामबाई ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी नन्नू ने रात में उनके घर का दरवाजा खटखटाया। जब महिला ने दरवाजा खोला, तो आरोपी जबरन घर में घुस आया और बिस्तर पर बैठकर सोने की बात कहने लगा। इसके बाद उसने महिला के साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर घर में तोड़फोड़ महिला के विरोध करने पर आरोपी ने घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसने टीवी, वॉशिंग मशीन सहित अन्य घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी ने महिला को बालों से पकड़कर घसीटा और उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से उसे आरोपी से बचाया। पीड़िता ने तत्काल पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी नन्नू के खिलाफ थाना सिटी रायकोट में मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिटी रायकोट के इंचार्ज गुरसेवक सिंह ने जानकारी दी कि पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि आरोपी का उसके पति के साथ पैसों का कोई लेन-देन हो सकता है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज घटना के समय महिला का पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने आरोपी नन्नू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 115(2), 324(4), 74 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना 11 जनवरी की रात को घटित हुई। एसएचओ गुरसेवक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में बातचीत चल रही थी। लेकिन समझौता ना होने पर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर कार्रवाई की है।


