लुधियाना में ड्रिल मशीन की आवाज को लेकर विवाद:पड़ोसी ने साथियों समेत बोला हमला, घर पर ईंट-पत्थर बरसाए, थाने के बाहर प्रदर्शन

लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित खांसी कलां इलाके की चावला कॉलोनी में घर की दीवार पर ड्रिल मशीन से कील लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने 15- 20 लोगों को बुलाकर पड़ोसी के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पीड़ित भूपेंदर (48) की पत्नी ने मीडिया को बताया कि होली से एक दिन पहले उनका पड़ोसी अपने घर की दीवार पर ड्रिल मशीन से कील लगा रहा था। मशीन की तेज आवाज उनके घर तक आ रही थी। इस पर भूपेंदर ने पड़ोसी को अगली सुबह के समय ड्रिल चलाने के लिए कहा, जिस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। हालांकि उस समय मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया और दोनों अपने-अपने घर चले गए। 15 से 20 लोगों को बुलाकर की मारपीट पीड़िता के अनुसार आरोपी साहिल ने कथित तौर पर 15 से 20 युवकों को बुलाकर उनके घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके और जब भूपेंदर बाहर निकले तो उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि हमले के दौरान भूपेंदर को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गए। इसके बाद सभी हमलावर मौके से चले गए। 24 घंटे के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई परिवार के सदस्यों ने घायल भूपेंदर को तुरंत अस्पताल ले जाकर मेडिकल करवाया और पूरी घटना की सूचना थाना जमालपुर पुलिस को दी। परिवार का आरोप है कि 24 घंटे बीतने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर भूपेंदर के परिवार और चावला कॉलोनी के लोगों ने थाना जमालपुर के बाहर रोष प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे थाना जमालपुर की पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *