लुधियाना के सूफिया चौक के पास बने चर्चित बंटी ढाबा पर आज नगर निगम ने JCB चलाकर बिल्डिंग गिरानी शुरू कर दी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम अधिकारियों ने लेंटर तोड़कर बाउंड्री दीवारें ध्वस्त करनी शुरू कीं। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही है और अवैध निर्माण को हटाया जा रहा है। ढाबा मालिक बंटी का कहना है कि उन्होंने निगम को ₹6.42 लाख की फीस जमा करवाई थी, फिर भी उनकी बिल्डिंग को गिराया जा रहा है। गौरतलब है कि यह वही ढाबा है जहां 8 महीने पहले नगर निगम चुनाव के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और आप विधायक अशोक पराशर पप्पी के बीच तीखा विवाद हुआ था। आरोप था कि यहां भाजपा प्रत्याशी वोटरों को शराब परोस रहे थे। उस समय AAP कार्यकर्ताओं ने बिट्टू की गाड़ी को घेरा था और मौके पर पप्पी भी पहुंचे थे। इस मामले में भाजपा नेताओं पर केस भी दर्ज हुआ था।