पंजाब सरकार की नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत, लुधियाना में एक बड़ी कार्रवाई की गई है। जहां माछीवाड़ा के एक ड्रग तस्कर की करोड़ों रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। डीएसपी समराला तरलोचन सिंह ने बताया कि एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देशों पर यह कार्रवाई हुई। माछीवाड़ा निवासी जसदेव सिंह उर्फ जस्सा की संपत्ति एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ (2) के तहत अटैच की गई है। जसदेव सिंह इलाके में नशा तस्करी के लिए जाना जाता है। पुलिस के अनुसार, जसदेव सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं।
तस्कर की अवैध संपत्ती सीज जांच में पता चला कि उसने अवैध रूप से कमाए गए पैसों से लगभग 11.5 मरला में एक आलीशान घर बनवाया था। इसके अतिरिक्त, खसरा नंबर 75 और 77 के तहत करीब साढ़े आठ कनाल जमीन भी खरीदी गई थी। इन तीनों संपत्तियों को दिल्ली की फ्रीजिंग अथॉरिटी के माध्यम से फ्रीज किया गया है। नई स्कॉर्पियो-एन गाड़ी भी जब्त आरोपियों की एक नई स्कॉर्पियो-एन गाड़ी भी जब्त कर फ्रीज कर दी गई है। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1 करोड़ 27 लाख 67 हजार रुपये है। डीएसपी ने ड्रग तस्करों को चेतावनी दी कि जो भी अवैध तरीके से ड्रग्स बेचकर संपत्ति जमा करता है, उसकी संपत्ति बख्शी नहीं जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुश्तैनी संपत्ति में भी अवैध पैसा लगाया गया है, तो उसे भी जब्त किया जाएगा। तस्करों को पुलिस की चेतावनी उन्होंने कहा कि ड्रग तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनकी संपत्ति जब्त करके कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। डीएसपी ने इस ऑपरेशन के लिए असिस्टेंट फाइनेंस ऑफिसर गगनजीत सिंह और थाना मुखी माछीवाड़ा पवित्र सिंह सहित पूरी टीम की सराहना की, जिन्होंने एक-दो महीने की लगातार मेहनत से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। डीएसपी समराला तरलोचन सिंह ने बताया कि भविष्य में भी नशा तस्करों खिलाफ इसी तरह मुहिम जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर आरोपियों को बख्शा नहीं जायेगा।


