लुधियाना में एक दलित युवक को घर से उठाकर ले गए और फिर उसे पिलर से बांधकर पीटा गया। युवक को पिलर से बांधने और उसके साथ मारपीट करने का एक वीडियो भी सामने आया है। अगवा कर पिलर से बांधकर पीटने वालों ने युवक पर कबूतर चोरी का आरोप लगाया है। आरोपी उसके घर गए और युवक को अगवा करके ले गए। अपने घर में उन्होंने उसे पिलर से बांधा और उसकी जमकर पिटाई की। यही नहीं आरोपियों ने उसका वीडियो भी बनाया है। मामला लुधियाना देहात के थाना सिधवा बेट के अधीन आने वाले गांव गोरिसयां खान मोहम्मद का है। युवक ने एसएसपी लुधियाना देहात अंकुर गुप्ता को इस संबंध में शिकायत दे दी है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
कबूतर चोरी हुए तो युवक के घर पहुंचे आधा दर्जन लोग गांव गोरसियां खान मोहम्मद में एक परिवार के कबूतर चोरी हुए। उन्हें शक हुआ कि गांव के ही हरप्रीत सिंह ने उनके कबूतर चोरी कर दिए। 20 फरवरी को आधा दर्जन के करीब लोग सुबह सुबह हरप्रीत के घर गए और उसके उठाकर अपने साथ ले गए। घर ले जाकर पिलर से बांधा वो लोग हरप्रीत को अपने घर ले गए और उसे घर के अंदर पिलर से बांध दिया। उसके बाद हरप्रीत को डंडों व बेल्ट से मारा गया। उसकी पीठ पर डंडों के निशान पड़े हैं। वो गिड़गिड़ाता रहा कि उसने कबूतर चोरी नहीं किए लेकिन वो उसे पीटते रहे। माता पिता ने हाथ जोड़े फिर भी नहीं छोड़ा पीड़ित हरप्रीत सिंह ने बताया कि उसके माता पिता भी पीछे पीछे वहां आ गए थे। वो उनके सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते रहे लेकिन वो नहीं माने और उसे पीटते रहे। उसके बाद उसके पिता ने कामरेड बलजीत सिंह को सूचना दी। पुलिस हरप्रीत को छुड़ाकर थाने ले गई कामरेड बलजीत सिंह ने बताया कि जब हरप्रीत के पिता ने उनसे संपर्क किया तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने हरप्रीत को पिलर से खोला और उसे थाने ले गए। पुलिस ने उन्हें बताया कि उस पर कबूतर चोरी का आरोप है। हरप्रीत ने पुलिस को दी शिकायत नहीं हुई कार्रवाई कामरेड बलजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी और हरप्रीत का सिविल अस्पताल जगराओं से मेडिकल करवाया। उसकी पीठ पर चोट के निशान हैं। लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया। वीडियो बनाकर की वायरल हरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपियों ने उसकी वीडियो बनाकर वायरल की है जिसकी वजह से उसे शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। उसने बताया कि इस मामले में भी उसने एसएसपी को शिकायत दे दी है। मामले की कर रहे हैं जांच पीड़ित ने घटना से संबंधित वीडियो और तस्वीरें भी पुलिस को सौंप दी हैं। थाना सिधवां बेट के प्रभारी इंस्पेक्टर हमराज सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


