लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र के गांव काउंके कलां के एक युवक पर कनाडा में स्थायी निवासी (पीआर) मिलने के बाद अपनी पत्नी को छोड़ने और दहेज मांगने के आरोप लगे हैं। पीड़ित लड़की के पिता की शिकायत पर जगराओं महिला थाना पुलिस ने आरोपी दामाद और उसकी मां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। महिला थाने के ASI गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता गांव जनेतपुरा निवासी केवल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी नरिंदर कौर ने BSC नर्सिंग करने के बाद IELTS पास किया था। वह साल 2018 में कनाडा जाकर पढ़ाई करने के बाद वहां की स्थायी निवासी (पीआर) बन गई थी। नरिंदर कौर का विवाह 1 फरवरी, 2024 को गांव काउंके खोसा निवासी गुरतेज सिंह के साथ सिख रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होनें शादी पर करीब 17-18 लाख रुपए खर्च किए गए थे, जबकि रिंग सेरेमनी और अन्य रस्मों पर लगभग 4-5 लाख रुपए एक्स्ट्रा खर्च हुए। इसके अलावा, सोने के गहने, कीमती कपड़े और भी अन्य सामान आरोपी पक्ष को दिया गया था। कनाडा पहुंचने पर पैसों की डिमांड का आरोप आरोप है कि शादी के बाद कुछ समय तक दोनों पंजाब में रहे। इसके बाद बेटी कनाडा लौट गई और अपने खर्च पर पति गुरतेज सिंह को भी कनाडा बुलाया। जैसे ही आरोपी गुरतेज सिंह कनाडा पहुंचा, उसका व्यवहार बदल गया। उसने दहेज कम लाने के ताने देने शुरू कर दिए और एक्सट्रा पैसों की डिमांड करने लगा। पीड़ित पक्ष का कहना है कि बेटी ने घर बसाने की लिए सब कुछ सहन किया। इसी दौरान आरोपी गुरतेज सिंह की पीआर फाइल भी क्लियर हो गई। गहने-पासपोर्ट लेकर भागने का आरोप पुलिस जांच में सामने आया कि पीआर कार्ड मिलने के कुछ ही दिनों बाद आरोपी ने पत्नी से झगड़ा किया, उसका पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया और सोने के गहने लेकर घर से फरार हो गया। जाते समय कथित तौर पर जान से मारने और झूठे केसों में फंसाने की धमकी भी दी गई। इन धाराओं में केस दर्ज पुलिस ने आरोपी गुरतेज सिंह (जो अब कनाडा में रह रहा है) और उसकी मां हरदीप कौर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498-ए (दहेज उत्पीड़न) और 406 (विश्वास का आपराधिक हनन) के तहत केस दर्ज कर लिया है।


