पंजाब के लुधियाना जिले में मांगों को लेकर पीआरटीसी, पनबस व पंजाब रोडवेज के कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल पर चल रहे हैं। मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन भी कर्मचारी दिनभर मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे और बस अड्डे पर सभी बस खड़ी रही। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पडी। कर्मियों ने कहा कि अगर मांगों पर गौर नहीं किया, तो वह प्रदर्शन को और तेज करेंगे। सरकार को भारी नुकसान लुधियाना में मंगलवार को हडताल के दूसरे दिन भी 244 बस बंद रही। जिससे जहां सरकार को करोडों का नुकसान झेलना पड रहा है। वहीं आम यात्री भी परेशानी से जूझ रहे हैं और निजी बस का सहारा ले रहे हैं। वहीं कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट भी बस ना चलने से परेशान रहे। बार-बार मिल रहे आश्वासन सतनाम सिंह और रेशम सिंह ने कहा कि वह कई बार मांगों को उठा चुके हैं, लेकिन बार-बार उन्हें आश्वासन दिया जा रहा है। इस बार तीन दिन की हड़ताल पर हैं और अब सरकार ने मांगें नहीं मानी, तो वह संघर्ष को तेज करेंगे। कर्मचारियों की मांगे सतनाम सिंह ने बताया कि 1 जुलाई 2024 को पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी और पनबस कर्मचारियों की पंजाब सरकार के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। जिसमें हमारी मुख्य मांग अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने की थी। ठेका प्रथा समाप्त करने, विभाग में नई बस व किलोमीटर स्कीम की बस बंद करने, ट्रांसपोर्ट माफिया पर रोक लगाने, शर्तों के साथ निकाले कर्मचारियों को बहाल करने के साथ विभाग को सही ढंग से चलाने और वेतन बढ़ाने की मांग की गई।


