लुधियाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में एक किलो से अधिक हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी प्रदीप कुमार मोती नगर लुधियाना का रहने वाला है। एडीसीपी अमनदीप बराड के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्लाडा ग्राउंड के पास नाकाबंदी की। प्रदीप कुमार बाइक पर नशे की सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने उसे वहीं से पकड़ लिया। पूछताछ में प्रदीप ने खुलासा किया कि उसे यह हेरोइन राजू कुमार उर्फ राज कुमार से मिली थी। राजू एक साल पहल जमानत पर जेल से बाहर आया था और तुरंत ही नशे का धंधा फिर से शुरू कर दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि राजू कुमार की तलाश जारी है। एडीसीपी बराड़ ने बताया कि जल्द ही मुख्य आरोपी राजू को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


