लुधियाना जिले की सिधवां बेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी श्मशानघाट से हुई, जहां आरोपी ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान कुलविंदर सिंह उर्फ गेंदू निवासी गांव मधेपुर, सिधवां बेट के रूप में हुई है। एएसआई गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सिधवां बेट के किशनपुरा चौक पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी सूचना के अनुसार, आरोपी जेल से बाहर आने के बाद फिर से नशे का कारोबार शुरू कर चुका था। वह इस समय श्मशानघाट में बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए श्मशानघाट में छापा मारा और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद थाना सिधवां बेट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके खिलाफ पहले से चार नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। उसका पहला मामला वर्ष 2019 में थाना सदर जगराओं में दर्ज हुआ था। आरोपी ने खुद को नशे का आदी बताया आरोपी ने बताया कि वह पहले खुद नशे का आदी था और पैसों की तंगी के कारण अपनी लत पूरी करने के लिए नशा सप्लाई करने लगा था। अब उस पर यह पांचवां मामला दर्ज हुआ है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल की जांच कर नशा सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने और पूरे गिरोह को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


