पंजाब सरकार ने लुधियाना के मलौद ब्लॉक के पंचायत सचिव पवित्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रशासनिक आधार पर और उनके खिलाफ मिली शिकायतों के बाद की गई है। ग्रामीण विकास विभाग के विशेष सचिव उमा शंकर गुप्ता ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार, पवित्र सिंह मलौद ब्लॉक के कई गांवों में पंचायत अधिकारी और पंचायत सचिव दोनों पदों पर कार्यरत थे। इसी दौरान एक गांव की सरपंच ने पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पवित्र सिंह विकास कार्यों में बाधा डाल रहे थे और कथित तौर पर कमीशन की मांग कर रहे थे। मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने शिकायत की जांच के बाद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद ही पवित्र सिंह को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए। इस संबंध में बीडीपीओ मलौद सुखजीत कौर ने बताया कि उन्हें अभी केवल निलंबन आदेश की प्रति मिली है और मामले की विस्तृत जानकारी उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।


