लुधियाना जिले के मुल्लांपुर पावरकॉम पेंशनर्स एसोसिएशन की एक सामान्य बैठक पावरकॉम कार्यालय में डिवीजन अध्यक्ष जगतार सिंह देहड़का की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनभोगियों की लंबित मांगों और वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान कमेटी के नेता दर्शन सिंह सहोली ने बताया कि पेंशनर्स एसोसिएशन की राज्य समिति के निर्णय के अनुसार, अड्डा दाखा मंडल के पेंशनभोगी अपनी लंबित मांगों के समाधान के लिए मोहाली में 8 से 12 मार्च तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 10 मार्च को मोहाली कूच किया जाएगा। ट्रेड यूनियनों के संघर्ष को समर्थन देने की कही बात बैठक में वरिष्ठ नेता कंवलजीत खन्ना ने देश और दुनिया के मौजूदा हालात पर चर्चा की। उन्होंने मजदूर और किसान वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संयुक्त संघर्ष की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान यूनाइटेड किसान मोर्चा और ट्रेड यूनियनों के संयुक्त संघर्ष को पूर्ण समर्थन देने का निर्णय भी लिया गया। ईरान पर किए हमले की निंदा बैठक की जानकारी देते हुए सचिव चरण सिंह सुधार ने बताया कि सबसे पहले एक प्रस्ताव पारित कर अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले की निंदा की गई। प्रस्ताव में तेहरान के एक स्कूल पर बमबारी में लगभग डेढ़ सौ बच्चों की मौत पर चिंता व्यक्त की गई और युद्ध को तुरंत समाप्त करने की मांग की गई। इस अवसर पर तरलोचन सिंह देओल, राज कुमार, सुरजीत बुधेल, सुरेश कुमार सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।


