लुधियाना में जगराओं के सरकारी अस्पताल से नशा तस्करी का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर निकल चुका था। थाना सिटी जगराओं पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में भम्मीपुरा कलां निवासी सुक्खा और संदीप को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 नशे की गोलियां बरामद की थीं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शुक्रवार दोपहर पुलिस आरोपी सुक्खा का मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल लाई थी। इसी दौरान आरोपी सुक्खा ने अपनी तबीयत खराब होने की शिकायत की। डॉक्टरों ने उसका इलाज किया, जिसमें उसे ग्लूकोज चढ़ाया गया और ताकत के टीके लगाए गए। उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी को भर्ती करने के बाद पुलिसकर्मी इमरजेंसी वार्ड से बाहर आकर धूप सेंकने लगे। इसी का फायदा उठाकर, जैसे ही सुक्खा की हालत में कुछ सुधार हुआ, उसने अस्पताल की खिड़की से छलांग लगाकर फरार होने की योजना को अंजाम दिया। घटना का पता चलते ही अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना सिटी पुलिस फरार आरोपी सुखा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। थाना सिटी के इंचार्ज परमिंदर सिंह ने पुष्टि करते बताया कि फरार हुए आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।


