लुधियाना में फाइनेंशियल कंपनी को 5 करोड़ की चपत:जाली दस्तावेजों से लिया था लोन,दो कारोबारियों पर मामला दर्ज

लुधियाना के पॉश इलाके गुरदेव नगर के रहने वाले दो कारोबारियों ने एक नामी फाइनेंशियल कंपनी को करीब 5 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। थाना-5 की पुलिस ने नेहरू सिद्धांत केंद्र इलाके में स्थित कंपनी की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने जाली दस्तावेज तैयार कर लोन हड़पा और बाद में किस्तें देने से मुकर गए। पुलिस को दी गई शिकायत में उषा फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (UFSL) के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश गुप्ता ने बताया कि अप मानी लिमिटेड के डायरेक्टर और गारंटर अजीत सिंह चावला और सुमेल सिंह चावला ने उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी की है।
शिकायत के मुताबिक दोनों आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत जाली दस्तावेज तैयार किए और खुद को आर्थिक रूप से मजबूत दिखाकर कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत करवा लिया। शुरुआत में सब ठीक रहा लेकिन जैसे ही लोन की किस्तें जमा करने का समय आया आरोपियों ने हाथ खड़े कर दिए। जब कंपनी ने आंतरिक जांच की और उनके द्वारा जमा करवाए गए दस्तावेजों की पड़ताल की तो पता चला कि लोन लेने के लिए जमा किए गए कागजात पूरी तरह फर्जी थे। कंपनी ने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर को दी जिसके बाद इसकी जांच शुरू की। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4): धोखाधड़ी ,धारा 336(3)/340(2): जाली दस्तावेज तैयार करना और उन्हें असली के तौर पर इस्तेमाल करना,धारा 316: अमानत में खयानत ,धारा 61: आपराधिक साजिश रचना धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है जांच अधिकारी ने कहा शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामला करोड़ों की धोखाधड़ी से जुड़ा है इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *