लुधियाना में बैंक निजीकरण और अपनी अन्य मांगों को लेकर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आज यानी 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल बुलाई गई है। इसी कड़ी में लुधियाना के भारत नगर चौक स्थित केनरा बैंक के बाहर पंजाब बैंक एम्प्लाइज फेडरेशन (PBEF) द्वारा सुबह 10:00 बजे से विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। आम जनता के लिए मुश्किल भरा दिन शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक भारत नगर चौक पर प्रदर्शन होने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा सकती है। इससे पहले भी जब इसी मुद्दे पर प्रदर्शन हुआ था तो घंटों तक लंबा जाम लगा रहा था। आज भी बैंक बंद रहने से न केवल लेनदेन प्रभावित होगा बल्कि धरना स्थल के आसपास से गुजरने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। क्यों हो रहा है प्रदर्शन? AIBEA, AIBOA और BEFI जैसे प्रमुख संगठनों के संयुक्त आह्वान पर बैंक कर्मचारी सड़कों पर उतर रहे हैं। यूनियन नेताओं का कहना है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही है जिसके चलते उन्हें दोबारा धरना देने पर मजबूर होना पड़ा है।


