लुधियाना में फिरोजपुर रोड के ऊपर बनी एलिवेटिड रोड पर शुक्रवार को एक भयानक हादसा हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार डीएमसी अस्पताल में चल रहा है जबकि मृतकों के शव सिविल अस्पताल पहुंचा दिए गए हैं। सुबह तीन युवक स्विफ्ट कार पर सवार होकर कॉलेज जा रहे थे जबकि एक मोटर साइकिल सवार व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर आ रहा था। स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी तरफ जाकर मोटर साइकिल से टकराई। इस टक्कर में मोटर साइकिल सवार 42 वर्षीय जगदीश कुमार की मौके पर मौत हो गई। जगदीश कुमार कोरियर ब्वाय का काम करता था। वहीं दूसरी तरफ स्विफ्ट चला रहे जर्नालिज्म के स्टूडेंट गौरांश की भी मौत हो गई। जबकि उसके साथ चरणजोत को डीएमसी असप्ताल में दाखिल किया गया है। रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई कार मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार स्विफ्ट कार काफी तेजी से भारत नगर चौक की तरफ से थरीके की तरफ जा रही थी।। गडवासू के वैटर्नरी अस्पताल के ठीक सामने एलिवेटिड रोड पर कार अनियंत्रति हुई और डिवाडर से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डिवाडर से दूसरी तरफ पहुंच गई और मोटर साइकिल से टकरा गई। कार की टकर से मोटर साइकिल सवार सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोट लगी। लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की लेकिन उसकी मौत हो गई। इसी बीच कार सवार युवकों को भी लोगों ने बाहर निकालने की कोशिश की। गौरांश व चरणजोत आगे की सीट पर थे इसलिए टक्कर के कारण दोनों को चोट लगी और गौरांश की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव सिविल अस्पताल पहुंचाए दुर्घटना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को सिविल अस्पताल पहुंचा दिया और मृतकों के परिजनों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। मृतक गौरांश के पिता फैक्टरी चलाते हैं और उसकी मां हाउस वाइफ है। वहीं जगदीश के दो बच्चे और पत्नी हैं। वह कोरियर कंपनी में कोरियर ब्वाय का काम करता है।


