लुधियाना जिले के थाना दाखा के बद्दोवाल में स्थित लग्जरी कारों के शोरूम पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना मुल्लांपुर दाखा पुलिस ने शूटरों को पनाह देने के आरोप में कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा निवासी थरीकेवाल, अमृतसर को उसके घर से दबोचा है। इस की पुष्टी थाना मुल्लापुर दाखा के एएसआई गुरमीत सिंह ने की है। शूटरों को शरण देने का आरोप पुलिस के अनुसार, आरोपी कुलविंदर सिंह पर शोरूम पर फायरिंग करने वाले शूटरों को शरण देने का आरोप है। यह वारदात 10 जनवरी को बद्दोवाल में हुई थी। घटना के बाद थाना दाखा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। यह घटना लुधियाना-फिरोजपुर नेशनल हाईवे पर बद्दोवाल के पास एक लग्जरी कारों के शोरूम में हुई थी। शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में एक अज्ञात सहित चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिनमें कौशल चौधरी, पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा का नाम सामने आया था। शूटरों ने गैंगस्टरों के नाम की फेंकी थी फिरौती की पर्चियां शिकायत के अनुसार, घटना के दिन दो बाइक सवार शूटरों ने दोनों हाथों में रिवॉल्वर लेकर शोरूम और वहां खड़ी महंगी गाड़ियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। जाते समय शूटरों ने पर्चियां भी फेंकी थीं, जिन पर मुहब्बत रंधावा और पवन शौकीन के नाम हाथ से लिखे हुए थे। पुलिस ने इन्हीं पर्चियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। कौशल और अमित डागर की टूट चुकी टांगें जांच के दौरान पुलिस ने कौशल चौधरी सहित कई आरोपियों को धीरे-धीरे गिरफ्तार कर मामले की तह तक पहुंची। कौशल चौधरी ने तो पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश की थी। इस दौरान वह थाने की दीवार कूदते समय गिर गया था जिस कारण उसकी टांगे टूट गई थी। इसी तरह कौशल चौधरी के करीबी अमित डागर का मैडिकल करवाकर पुलिस टीम जगराओं सिविल अस्पताल से सीआईए वापस लेकर जा रही थी तो पुलिस की गाड़ी पलट गई थी। जिसमें अमित डागर की भी टांगे टूट गई थी। शूटरों को पनाह देने वाले लोगों की कड़ी खंगालने पर एक-एक कर कई गिरफ्तारियां हुईं। इस मामले में अब तक कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।


