लुधियाना पुलिस ने सुनसान जगहों और हाईवे पर पिस्टल की नोक पर लोगों से कारें लूटने और स्नेचिंग करने वाले गिरोह के 8 बदमाशों को काबू किया है। पुलिस ने बदमाशों से 6 कारें, हथियार और फोन भी बरामद किए हैं। मंगलवार शाम को डीसीपी शुभम अगरवाल ने बताया कि गत दिनों माडल टाउन एरिया में बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर कार छीन ली थी। तब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीमें लगातार गिरोह की तलाश में थी। पुलिस ने गुप्त सूचना पर नाकाबंदी कर 8 बदमाशों को हथियार समेत काबू किया। 6 कार और 20 फोन बरामद
पुलिस ने लुधियाना समेत, जीरकपुर, मोगा, मोहाली जिले में रेड कर सफलता हासिल की। पुलिस ने बदमाशों से 6 कारें, 20 फोन और हथियार भी बरामद किए। आरोपियों की पहचान दानिश कुमार निवासी मोहाली, बिंदर कुमार फाजिल्का, दिलदारपरीत सिंह मोहाली, अरनदीप सिंह मोहाली, गुरभेज सिंह फाजिल्का, हरदीप सिंह मोगा, रामसवेर मोहाली, संजय कुमार लुधियाना के तौर पर पहचान हुई है, जिनके खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर उनका पुलिस रिमांड लिया गया है। डीसीपी शुभम अगरवाल ने बताया कि दोषी लोगों से कारें छीनते समय उन्हें पहले पिस्टल दिखाते थे फिर उन्हें गोली मारने की धमकी दे डरा धमकाकर कारें व स्नेचिंग करते थे। दोषियों से वरना कार, स्कॉर्पियो, वैगनआर , स्विफ्ट, जेटा कार, इटीयोस कार के अलावा 20 फोन, दो पिस्टल, लैपटॉप भी बरामद किया गया है।


