पंजाब के लुधियाना में वेरका मिल्क प्लांट में देर रात खूब हंगामा हो गया। शहर के समस्त वेरका डिस्ट्रीब्यूटर इक्कट्ठे हुए जिन्होंने एक प्रोडक्शन मैनेजर के खिलाफ रोष जाहिर किया। दरअसल, डिस्ट्रीब्यूटर वेरका मिल्क प्लांट में खट्टा पनीर लौटाने आया था लेकिन प्रोडक्शन मैनेजर उस पर भड़क गया और गुस्से में उसे गालियां दी। इसी बात से भड़के डिस्ट्रीब्यूटर ने देर रात वेरका मिल्क प्लांट में हंगामा किया। DMC अस्पताल की टेस्टिंग में पकड़ा गया खट्टा पनीर जानकारी देते हुए जिला डिस्ट्रीब्यूटर प्रधान ज्ञान चंद शर्मा ने कहा कि उनका साथी दविंदर वेरका से पनीर लेकर गया था। वह डीएमसी अस्पताल में पनीर की सप्लाई करता है। वहां जब पनीर की टेस्टिंग हुई तो पनीर खट्टा पाया गया। पनीर को जब वह लौटाने प्रोडक्शन मैनेजर के पास पहुंचा तो उसने गलत व्यवहार करते हुए गालियां निकाली। प्रोडक्शन मैनेजर ने दी डिस्ट्रीब्यूटर को गालियां उधर, दविंदर ने कहा कि डीएमसी में हजारों मरीजों का रोजाना उपचार होता है। उसके पनीर की सप्लाई अस्पताल में जाती है। अस्पताल की टेस्टिंग में स्पष्ट हो गया कि पनीर खट्टा है जिसे वह वापस लौटाने आया तो प्रोडक्शन मैनेजर हनुमान बाहरी ने स्टाफ के सामने गालियां दी और पनीर वापस लेने से मना कर दिया। मैं रोता हुआ बाहर आया और प्रधान ज्ञान चंद को सारी बात बताई। मौके पर पहुंचे समस्त डिस्ट्रीब्यूटरों ने वेरका मिल्क प्लांट के उच्चाधिकारियों पर काम में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए। प्रोडक्शन मैनेजर को इस बात की जिम्मेवारी लेनी चाहिए कि वह शहर में कैसा सामान सप्लाई कर रहे है। उधर, वेरका मिल्क प्लांट के जीएम सुबोध कुमार ने कहा कि प्रोडक्शन मैनेजर पर आफिशियल एक्शन ले लिया गया है। लोगों की सेहत के साथ किसी तरह का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।


