लुधियाना में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने घर में घुसकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगाने आया व्यक्ति खुद भी आग की चपेट में आ गया। उसके हाथ-पांव झुलस गए। व्यक्ति को सिविल अस्पताल से डाक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। कमरे में सो रही महिला को जैसे ही पेट्रोल घर के बाहर गिरने और आग लगने का पता चला तो वह कमरे के दूसरे गेट से बच्चों सहित भागी और जान बचाई। थाना दरेसी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। होली के दिन हुआ था विवाद पीड़िता कंचन ने बताया कि वह न्यू माधोपुरी में किराए के मकान में रहती है। उसके पति की ही फैक्ट्री में एक व्यक्ति काम करता है। वह एक बार उसके घर पति के साथ आया था। वही व्यक्ति होली के दिन उसके घर के शाम को करीब 7 बजे दरवाजा खटखटाने लगा। उसने दरवाजा नहीं खोला और उसे वहां से जाने के लिए कहा क्योंकि उसका पति घर पर नहीं था। उस व्यक्ति ने उसी बात की रंजिश रखी और रात करीब 3 बजे उसे घर पर पेट्रोल का छिड़काव करके आग लगा दी। सीसीटीवी में कैद हुई घटना कंचन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 4 मार्च 2026 को वह अपनी बेटी भावना के साथ घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी राम शब्द निवासी मंटिगंज (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी काकोवाल, लुधियाना उनके गेट पर लातें मार रहा था। ये घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई। आरोपी पेट्रोल की बाल्टी लेकर जाता दिखाई दिया। इसके बाद आग लगाते समय जब उसे खुद भी आग लग गई तो वह भागता हुआ भी वीडियो में नजर आया। वहीं से आरोपी की पहचान हो गई। महिला के अनुसार उसकी बेटी ने आरोपी से कहा कि उसके पिता घर पर नहीं हैं और वह वहां से चला जाए। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। आंख खुलने पर आई पेट्रोल की तेज गंध पीड़िता ने बताया कि 5 मार्च 2026 की रात उसे अचानक लगा कि कोई उसके कमरे में पानी जैसा कुछ डाल रहा है। उसे पहले लगा शायद बारिश हो रही है। जब उसकी आंख खुली तो उसे पेट्रोल की तेज गंध आई। स्थिति को समझते ही वह अपने बच्चों को साथ लेकर दूसरे दरवाजे से बाहर निकल गई। महिला ने बताया कि बाहर निकलते समय उसने देखा कि आरोपी राम शब्द वहां से भाग रहा था और उसके कपड़ों में भी आग लगी हुई थी। महिला ने उसे स्ट्रीट लाइट की रोशनी में पहचान लिया। उसने तुरंत मामले की सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी पुलिस ने आरोपी राम शब्द के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326G के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कंचन के मुताबिक उसके घर का सारा सामान जल कर राख हो गया है। प्रशासन उसकी मदद करे।


