लुधियाना में सीपी ऑफिस बाहर पक्खोवाल रोड स्थित बाथ कैसल में दो गुटों की गैंगवार के बीच जान गंवाने वाले होजरी कारोबारी वासु के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ रोष प्रकट किया कई दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के रोष में आज पीड़ित परिवारों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
हाथों में अपनों की तस्वीरें थामे परिजनों की आँखों में आँसू और दिल में इंसाफ की तड़प साफ दिख रही थी।परिजनों का कहना है कि पुलिस ने कुछ गिरफ्तारियां तो की हैं लेकिन असली मास्टरमाइंड और गोलियां चलाने वाले मुख्य आरोपी अभी भी कानून की गिरफ्त से बाहर हैं। परिजनों का दर्द: ‘उस दिन के बाद किसी खुशी में शामिल नहीं हुए’ प्रदर्शन में शामिल मृतक वासु के रिश्तेदारों ने भावुक होते हुए कहा जिस दिन से हमारे बच्चे की शादी के समारोह में गोली मारकर हत्या हुई है तब से हमारे परिवार के लिए खुशियां खत्म हो गई हैं। अब तो किसी शादी के कार्ड को देखकर भी रूह कांप जाती है। हम किसी समारोह में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को लटका रही है और मुख्य आरोपियों को बचाने या ढील देने की कोशिश की जा रही है। क्या था मामला? बता दें कि कुछ महीनों पहले पक्खोवाल रोड स्थित बाथ कैसल मैरिज पैलेस में अंकुर लुधियाना और शुभम मोटा के बीच खूनी झगड़ा देखने को मिला था। जिसमे दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। इस क्रॉस फायरिंग की चपेट में आने से निर्दोष होजरी कारोबारी वासु और जालंधर की रहने वाली महिला नीरू की मौत हो गई थी। पैलेस में मौजूद मेहमानों ने मेजों के नीचे छिपकर जान बचाई थी। पुलिस की कार्रवाई अब तक हालांकि पुलिस का दावा है कि उन्होंने तफ्तीश तेज कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है लेकिन पुलिस ने अभी तक पकड़े गए लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। इसी गुपचुप कार्रवाई से नाराज होकर आज परिजनों को सड़कों पर उतरना पड़ा।


