पंजाब के लुधियाना में आज सुबह एक सड़क हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा ढोलेवाल फ्लाईओवर से गिल रोड चौक जाने वाले रास्ते पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार वाहन ने व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए शव पर कपड़ा डाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सेफ सिटी कैमरों को पुलिस करेगी चैक स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यक्ति को किसी ट्रक ने टक्कर मारी है, हालांकि पुलिस अभी इस बारे में कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि सेफ सिटी कैमरों की फुटेज जांचने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि हादसा ट्रक से हुआ है या किसी अन्य वाहन से। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आसपास के इलाकों में भी पुलिस ने पूछताछ की, मगर परिजनों का कोई सुराग नहीं लगा। 72 घंटे बाद होगा पोस्टमार्टम फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। निर्धारित समय तक पहचान नहीं होने की स्थिति में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र करीब 32 साल बताई जा रही है। हुलिये के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वह उत्तर प्रदेश या बिहार का रहने वाला हो सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


