लुधियाना के गिल रोड स्थित सिंघवा नहर पर चल रहे पुल निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। यहां देर रात हथियारों से लैस करीब 10 से 15 बदमाशों ने एक बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने न केवल वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाया बल्कि निर्माण कार्य के लिए रखी करीब 420 लोहे की शटरिंग प्लेटें ट्रक में भरकर रफूचक्कर हो गए। क्या हुआ था ठेकेदार राजू ने बताया कि यह घटना देर रात की है। की है उसने वर्करों ने उन्हें फ़ोन कर बताया कि पहले 7 से 8 लोग पैदल आए और वहां तैनात दो सिक्योरिटी गार्ड्स को दबोच लिया। विरोध करने पर गार्ड्स के साथ जमकर मारपीट की गई और उन्हें रस्सियों से बांध दिया गया। इसके बाद बदमाशों ने अपने बाकी साथियों को इशारा किया जो एक बड़ा ट्रक लेकर मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे के भीतर ही बदमाशों ने सारा सामान ट्रक में लादा और फरार हो गए। CCTV फुटेज: पैदल आए बदमाश, ट्रक में ले गए माल फुटेज में साफ दिख रहा है कि शुरुआत में युवक पैदल आते नजर आए। उनके पीछे-पीछे एक बड़ा ट्रक आता दिखाई दिया।तकरीबन 30 मिनट बाद वही ट्रक शटरिंग से लदा हुआ वापस जाता नजर आया। पुलिस की कार्रवाई: मामला दर्ज,तलाश जारी पुलिस का कहना है कि मामला हमारे संज्ञान में है। 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी में ट्रक की पहचान की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। बड़ा सवाल: सरकारी प्रोजेक्ट्स पर सुरक्षा राम भरोसे? इतनी बड़ी संख्या में बदमाशों का आना और सरेआम ट्रक में सामान लादकर ले जाना पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान खड़े करता है। शहर के बीचों-बीच चल रहे सरकारी काम में इस तरह की डकैती ने ठेकेदारों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।


