लुधियाना में एक सांड़ ने दो बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल महिला की पहचान 65 वर्षीय सरदारां के रूप में हुई है। वह घर के बाहर बैठी थीं। अचानक पीछे से आए सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं दूसरी महिला को हल्की चोट आई है। आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते हस्तक्षेप कर महिला की जान बचाई। घटना खन्ना क्षेत्र के लिबड़ा गांव की है। हाल ही में एक आवारा सांड़ ने गांव में दहशत फैला दी। उसने घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। स्थानीय निवासी सितार मोहम्मद लिबड़ा ने बताया कि यह सांड़ काफी समय से गांव में घूम रहा है। कई बार लोगों पर हमला कर चुका सांड़- ग्रामीण
अब तक यह कई लोगों और वाहनों को नुकसान पहुंचा चुका है। उन्होंने कहा कि यह सांड़ अब लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है। कई बार इसकी शिकायत की गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि सांड़ आए दिन गलियों में दौड़ता फिरता है। यह बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। इसने कई जगह वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। इससे लोग दहशत में हैं। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सांड़ को काबू में लिया जाए। साथ ही आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।