लुधियाना के श्री माछीवाड़ा साहिब के पास गांव पवात में सांप के काटने से दो बहनों की मौत हो गई। मृतक बच्चियों की उम्र 11 और 8 साल थी। दोनों छत पर सोने गईं थी और रात में उल्टियां होने लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार अनुपम (11) और सुरभि (8) दोनों स्कूल में पढ़ती थीं। मृतक बच्चियों की मां आशा देवी खेतों में बनी मोटर के पास झुग्गी में रहती हैं। उनके पति ने कई साल पहले परिवार को छोड़ दिया था। आशा देवी अकेले ही अपनी पांच बेटियों और एक बेटे का पालन-पोषण कर रही हैं। आंगन में एक सांप घूमता मिला घटना शुक्रवार की रात की है। खाना खाने के बाद दोनों बहनें मोटर वाले कमरे की छत पर सो गईं। रात करीब 1 बजे बिजली आने पर वे नीचे आईं। कुछ देर बाद फिर छत पर चली गईं। थोड़ी देर में दोनों को उल्टियां होने लगीं। परिवार ने देखा कि आंगन में एक सांप घूम रहा था। मुंह से झाग निकलने लगा परिवार ने सांप को मार दिया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। कुछ ही मिनटों में दोनों बच्चियों के मुंह से झाग निकलने लगा। उन्हें तुरंत माछीवाड़ा साहिब के सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। खेत मालिक हरदीप सिंह के अनुसार, परिवार ने रात में फोन कर घटना की जानकारी दी। जब वे मौके पर पहुंचे, दोनों बच्चियां बेहोश थीं। अस्पताल ले जाने पर भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।