लुधियाना में सीएनजी सिलेंडर भरा ट्रक पलटा:दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर गैस रिसाव, सड़क सुरक्षा-फायर ब्रिगेड की सतर्कता से खतरा बचा

दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर खन्ना के पास सीएनजी सिलेंडरों से भरा एक ट्रक पलट गया। हादसे के बाद कुछ सिलेंडरों से गैस रिसाव शुरू हो गया। इससे आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। सड़क सुरक्षा फोर्स और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। मंडी गोबिंदगढ़ निवासी गुरविंदर सिंह सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रक चला रहे थे। खन्ना में जीटी रोड पर लिबड़ा गांव के पास हाईवे पर सामने अचानक एक वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटने के तुरंत बाद सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया। टीम ने इलाके को खाली कराया घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर इलाके को खाली कराया गया और यातायात को तुरंत रोक दिया गया। यह कदम किसी भी चिंगारी या दुर्घटना से संभावित विस्फोट को रोकने के लिए उठाया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम बुलाई गई, जिसने सुरक्षा उपायों के साथ लीक हो रहे सिलेंडरों को अलग किया। स्थानीय लोगों और जेसीबी मशीन की सहायता से पलटे हुए ट्रक को सीधा किया गया। गैस रिसाव वाले सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घायल को अस्पताल भेजा हादसे में घायल चालक गुरविंदर सिंह को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कई घंटों की मशक्कत के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारु कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *