लुधियाना के मॉडल टाउन इलाके में एक सनसनीखेज धोखाधड़ी और चोरी का मामला सामने आया है। यहाँ दूध का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति से जान-पहचान वाले ने ही 31 लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। वारदात उस समय हुई जब दोनों पक्ष दूध की सप्लाई को लेकर रेट तय करने के लिए मिले थे। मॉडल टाउन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। शमशान घाट के पास बुलाया, फिर दिया वारदात को अंजाम पुलिस को दी गई शिकायत में सराभा नगर निवासी अरविंदर सिंह ने बताया कि वह घर-घर दूध सप्लाई करने का काम करते हैं। 2 जून 2025 को उन्होंने पार्टियों को पेमेंट करनी थी जिसके लिए उनके पास भारी नकदी मौजूद थी। इसी दौरान नरेंद्र कुमार शर्मा उर्फ राहुल शर्मा निवासी ऋषि नगर ने उन्हें मुलाकात के लिए मॉडल टाउन स्थित शमशान घाट के पास बुलाया। गाड़ी में बैठकर की सौदेबाजी,फिर हुआ खेल अरविंदर सिंह जब अपनी गाड़ी से मौके पर पहुँचे तो राहुल शर्मा अपनी स्विफ्ट कार के साथ वहाँ पहले से मौजूद था। अरविंदर ने उसे बातचीत के लिए अपनी गाड़ी की अगली सीट पर बिठा लिया। दोनों के बीच रोजाना 3 क्विंटल दूध की सप्लाई को लेकर रेट तय करने की चर्चा हुई। बातचीत के दौरान अरविंदर सिंह कुछ देर के लिए वॉशरूम जाने की बात कहकर गाड़ी से नीचे उतरे। पीड़ित ने बताया कि जैसे ही वह वॉशरूम से वापस अपनी गाड़ी की ओर बढ़े उन्होंने देखा कि राहुल शर्मा उनके बैग के साथ अपनी स्विफ्ट कार की तरफ भाग रहा है। राहुल के हाथ में काले रंग का प्लास्टिक बैग था जिसमें 31 लाख रुपये की मोटी रकम थी। इससे पहले कि अरविंदर उसे पकड़ पाते आरोपी अपनी कार में सवार होकर तेजी से फरार हो गया। पुलिस ने कहा आरोपी नरेंद्र कुमार शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा सके।


