लुधियाना के सुंदर नगर मेन रोड पर देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने गुंडागर्दी का नंगा नाच किया। लुटेरों ने मंदिर से घर लौट रहे एक कारोबारी दंपती को बाइक लगा रोकका और फिर हथियार के बल पर महज 30 सेकंड के भीतर लाखों के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मंदिर से लौट रहे थे पति-पत्नी पीड़ित नवरत्न जैन ने बताया कि उनकी सुंदर नगर मेन रोड पर ही होजरी एक्सेसरीज की दुकान है। रात करीब सवा दस बजे वह अपनी पत्नी रेखा के साथ मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए एक काले रंग के स्प्लेंडर बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी एक्टिवा को घेर लिया। CCTV में कैद: 30 सेकंड का पूरा वीडियो मामले का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें लुटेरों साफ़ देखे जा रहे है काले रंग की स्प्लेंडर पर सवार तीन युवक पीछे से आए और एक्टिवा के आगे बाइक अड़ा दी।बाइक रुकते ही पीछे बैठे दो लुटेरे तुरंत नीचे उतरे।दंपती को डरा-धमकाकर और मारपीट कर मात्र 30 सेकंड के अंदर गहने झपट लिए। तीनों लुटेरों ने हुडी (स्वेटशर्ट) पहनी हुई थी और मुंह ढका हुआ था ताकि पहचान छिपाई जा सके। हथियार लहराए और मारपीट की पीड़ित के मुताबिक एक लुटेरे के पास रिवॉल्वर और दूसरे के पास तेजधार हथियार था। लुटेरों ने घायल महिला के गले से 3 तोले की सोने की चेन और हाथों की अंगूठियां जबरन निकाल लीं।विरोध करने पर नवरत्न जैन के साथ भी मारपीट की गई और उनके गले से 4.5 तोले की चेन व 2 अंगूठियां लूट लीं। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही थाना दरेसी के प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


