पंजाब के लुधियाना में कासाबाद गांव में 9 वर्षीय बच्चे अमन की हत्या के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई है। सिविल अस्पताल लुधियाना में डॉक्टरों के पैनल ने रविवार को देर शाम पोस्टमॉर्टम किया, जिसमें यौन शोषण के कोई बाहरी निशान नहीं मिले। हालांकि, पूरी तरह पुष्टि के लिए स्वैब सैंपल केमिकल जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। शव की हालत से शक है कि जिस दिन अमन लापता हुआ है उसी दिन उसकी हत्या कर दी गई है। तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमॉर्टम पोस्टमॉर्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड में डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. पवन और डॉ. अभयदीप शामिल थे। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के शरीर पर सिर्फ एक गंभीर चोट पाई गई। तेजधार हथियार से गला रेता गया था, जिससे सांस की नस कट गई और मौके पर ही मौत हो गई। शरीर पर जोर-जबरदस्ती के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को निजी रंजिश की आशंका
यौन शोषण के स्पष्ट सबूत न मिलने के बाद पुलिस अब परिवार से जुड़ी किसी निजी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। घर के बाहर से लापता हुआ था बच्चा
अमन गुरुवार को घर के बाहर से लापता हो गया था। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्राधिकार को लेकर भ्रम के चलते पुलिस ने उन्हें करीब दो दिन तक दूसरे थाने के चक्कर लगवाए। कार्रवाई में देरी से नाराज परिवार ने शनिवार को सलेम टाबरी थाना और जालंधर बाइपास चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। FIR दर्ज होने के कुछ घंटों बाद ही कासाबाद इलाके की झाड़ियों से बच्चे का शव बरामद हुआ। CCTV में संदिग्ध के साथ दिखा बच्चा
पुलिस को CCTV फुटेज मिली है, जिसमें बच्चा एक अज्ञात व्यक्ति के पीछे-पीछे उस इलाके की ओर जाता दिख रहा है, जहां से शव मिला। एडीसीपी (सिटी-1) समीर वर्मा ने बताया कि आसपास के इलाकों की और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने कहा कि जांच तेज कर दी गई है और दोषियों को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।


